मनातू-पदमा सड़क पर कार टेम्पो में जोरदार टक्कर, ससुर-बहू समेत तीन जख्मी
Palamu : मनातू थाना के सीमावर्ती सेवती डाक बंगला के समीप पदमा सड़क पर सखुआ लेवाड में गुरुवार सुबह कार- टेम्पो में जोरदार टक्कर हो गई, जिससे ससुर-बहू समेत तीन जख्मी हो गए। कार सवार चतरा के महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज बाल बाल बच गई। केवल उनकी क्रेटा कार क्षतिग्रस्त हुई है।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सभी घायलों का इलाज तरहसी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। दोपहर एक बजे यहां से दो जख्मी को इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।जानकारी के अनुसार जख्मी लोगों में तरहसी के नावा निवासी सुरेंद्र सिंह, उनकी बहू अंजनी कुमारी पति राकेश सिंह एवं मनातू पदमा के पानाडीह निवासी लक्ष्मण महतो शामिल हैं। सुरेंद्र सिंह जन वितरण प्रणाली विक्रेता संघ के तरहसी प्रखंड अध्यक्ष हैं।सुरेंद्र सिंह और उनकी बहु अंजनी को बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच रेफर कर दिया गया है।
बताया जाता है कि एक टेंपो तीन यात्रियों को लेकर मेदनी नगर से मनातू के पदमा की ओर जा रहा था। इसी क्रम में विपरीत दिशा से आ रही कार से सीधी टक्कर हो गई।टेंपो सवार सुरेंद्र सिंह और उनकी बहू पदमा जा रहे थे, जबकि लक्ष्मण महतो मेदिनीनगर से अपने घर लौट रहे थे। कार सवार महिला थाना प्रभारी मेदिनी नगर की ओर आ रही थी। टर्निंग होने के कारण कार अनियंत्रित हो गई और टेंपो से टकरा गई।



