मूंग की फसल बचाने के लिए खेत में दौड़ाया बिजली का करंट, दो गायों की मौत; पशुपालक भी चपेट में आया

हुसैनाबाद (पलामू) : हैदरनगर थाना क्षेत्र के तारा गांव में फसल की सुरक्षा के नाम पर खेतों में अवैध रूप से बिजली प्रवाहित करने का खतरनाक मामला सामने आया है। आरोप है कि तारा निवासी असफाक सिद्दीकी ने अपनी मूंग की फसल को पशुओं से बचाने के लिए खेत के चारों ओर लगाए गए कंटीले तारों में बिजली का करंट छोड़ रखा था।

बताया जा रहा है कि परता टोला कोठी निवासी जफरूदीन अंसारी और कमरूदीन अंसारी की गायें चरते हुए उक्त तार की चपेट में आ गईं, जिससे दोनों पशुओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के दौरान अपनी गाय को बचाने पहुंचे कमरूदीन अंसारी भी करंट की चपेट में आकर बेहोश हो गए। हालांकि, स्थानीय लोगों की तत्परता से उनकी जान बच गई।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उन्हें बचाया नहीं जाता, तो एक और जान जा सकती थी।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी इसी प्रकार खेतों में करंट प्रवाहित करने के कारण हबीब अंसारी की गाय की मौत हो चुकी है। लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नतीजतन, लापरवाही और बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि फसल सुरक्षा के नाम पर खेतों में करंट छोड़ना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि यह मानव जीवन और पशुधन के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। उन्होंने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग से तत्काल जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, खेतों में अवैध विद्युत प्रवाह पर रोक लगाने तथा मृत पशुओं के मालिकों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने समय रहते इस मामले में कार्रवाई नहीं की, तो भविष्य में कोई बड़ी जनहानि हो सकती है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!