युवक और युवती का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

Ranchi : खूंटी सदर थाना क्षेत्र के घाघरा गांव के पास तजना नदी पुल के नीचे शुक्रवार सुबह एक महिला और युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के बड़गांई निवासी नेहा कुमारी (25) और अरुण कुमार राणा (21) के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले और पड़ोसी थे।

मृतका का ससुराल गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र के डुड़िया गांव में है।घटना को लेकर मृतका नेहा के पति कुंदन प्रमाणिक पर हत्या का शक जताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, नेहा और कुंदन के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। नेहा ने पति के खिलाफ मामला भी दर्ज कराया था, जो न्यायालय में विचाराधीन है। घटना के बाद से कुंदन प्रमाणिक फरार बताया जा रहा है।

नेहा की छोटी बहन निशा की शादी शनिवार को होने वाली थी। इसी कारण नेहा अपने मायके बड़गांई आई हुई थी। गुरुवार शाम करीब चार बजे वह अपने पड़ोसी अरुण कुमार राणा की बाइक से अपने ससुराल गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र के डुड़िया गांव पहुंची थी।

परिजनों के अनुसार, नेहा अपने पांच वर्षीय बेटे को मायके ले जाने के लिए पति कुंदन प्रमाणिक से मांग कर रही थी, लेकिन कुंदन ने बेटे को देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

विवाद के बाद नेहा अरुण के साथ करंज थाना पहुंची और पुलिस से मदद की गुहार लगाई। मृतकों के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

परिजनों के मुताबिक, इसके बाद नेहा और अरुण बाइक से वापस बड़गांई लौट रहे थे। इसी दौरान डुड़िया के पास कुंदन प्रमाणिक अपने तीन-चार सहयोगियों के साथ पहुंचा और दोनों को पीछे से धक्का मारकर गिरा दिया। आरोप है कि बाइक को धक्का देकर गिराने के बाद दोनों को स्कॉर्पियो में जबरन बैठाकर ले जाया गया।
शुक्रवार सुबह घाघरा गांव के पास तजना नदी पुल के नीचे दोनों के शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। घटनास्थल पर पुल के ऊपर खून के निशान पाए गए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों की हत्या पुल के ऊपर करने के बाद शवों को नीचे फेंका गया।

नेहा का शव पुल के नीचे गिरने से क्षत-विक्षत हालत में मिला, जबकि अरुण का शव पुल के किनारे नाली में पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए।घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वायड को घटनास्थल पर बुलाया गया। एसडीपीओ मंगल सिंह जामूदा, खूंटी सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, सोयको थाना प्रभारी पीआर पांडे समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!