
शराब के नशे में सड़क पर गिरा युवक, इलाज के दौरान मौत
पहचान में जुटी पुलिस, ट्रैफिक पुलिस ने पहुंचाया था अस्पताल
Palamu : मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बैरिया चौक के पास शनिवार सुबह एक युवक सड़क पर बेहोशी की हालत में गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर ट्रैफिक प्रभारी सत्येंद्र कुमार दुबे मौके पर पहुंचे और ट्रैफिक पुलिस जवानों की मदद से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।ट्रैफिक प्रभारी सत्येंद्र कुमार दुबे ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृत युवक को पहचानता हो तो इसकी सूचना पुलिस अथवा उसके परिजनों को दें, ताकि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक शराब के नशे में था और इसी दौरान सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




