
सड़क दुर्घटना में महिला की मौत, पति घायल
Ranchi : बाबा आम्रेश्वर धाम में पूजा करने आ रहे एक परिवार की सड़क दुर्घटना में महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति घायल हो गए और बेटी को मामूली चोटें आईं। घटना रांची-खूंटी मार्ग पर तजना नदी के समीप रविवार दोपहर करीब 12 बजे की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रांची जिले के हरमू विद्यानगर निवासी मनीष कुमार अपनी पत्नी बिनिता देवी और बेटी अरुणा कुमारी के साथ बाइक से खूंटी की ओर आ रहे थे। तजना नदी के पास पहुंचते ही एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मनीष कुमार और बिनिता देवी बेहोश हो गए, जबकि उनकी बेटी को हल्की चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को सदर अस्पताल खूंटी पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान बिनिता देवी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। घायल मनीष कुमार का इलाज जारी है।
अरुणा कुमारी ने बताया कि वे अपने माता-पिता के साथ बाबा आम्रेश्वर धाम पूजा करने जा रहे थे, तभी एक चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी और चालक भाग गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना पर खूंटी थाना की पुलिस भी अस्पताल पहुंची और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।




