
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर,स्टेशन में कन्या पूजन समारोह का हुआ आयोजन

Latehar : दुर्गा पूजा के अवसर पर आज दिन शुक्रवार को बाजकुम स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, स्टेशन, लातेहार के विद्यालय परिसर में कन्या पूजन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान नन्हीं-नन्हीं बच्चियां आकर्षक परिधानों में सजी-धजी नजर आईं। लाल वस्त्रों और चमकीली चुनरी से सुसज्जित बच्चियों का रूप ऐसा मनमोहक था, मानो स्वयं मां भगवती पधारी हों।
समारोह के दौरान विधि-विधान से कन्या पूजन किया गया। इसके बाद बच्चियों को फल एवं मिष्ठान्न ग्रहण कराया गया। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रीति दीदी, पूजा दीदी, खुशबू, श्वेता, रिंकी सहित विद्यालय की अन्य शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा। प्रधानाचार्य एवं सभी आचार्यों ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंत में प्रधानाचार्य ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके बाद वंदे मातरम् के साथ समारोह का समापन हुआ।





