
सीएम एक्सीलेंस विद्यालय के प्राचार्य पर प्रताड़ना का आरोप,छात्राओं ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
Latehar : सीएम ऑफ एक्सीलेंस बालिका विद्यालय में पढ़ाई और व्यवस्था को लेकर छात्राओं का आक्रोश गुरुवार को खुलकर सामने आया। आठवीं, नौवीं, दसवीं और बारहवीं की दर्जनों छात्राएं एकजुट होकर समाहरणालय पहुंचीं और उपायुक्त संदीप कुमार को आवेदन सौंपते हुए विद्यालय की प्राचार्य ज्योति ज्योत्सना एवं शिक्षिका अन्नपूर्णा कुमारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।छात्राओं ने आरोप लगाया कि विद्यालय में लंबे समय से शैक्षणिक व्यवस्था चरमराई हुई है।
नियमित रूप से कक्षाएं नहीं चल रही हैं और परीक्षा नजदीक होने के बावजूद पढ़ाई संतोषजनक नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि कौशल विकास विषय की पुस्तक उपलब्ध कराए बिना ही परीक्षा आयोजित कर दी गई। वहीं कई छात्राओं को अब तक किताबें और कॉपियां भी पूरी तरह उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।आवेदन में छात्राओं ने कहा कि अपनी परेशानी बताने पर उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें डांटा जाता है।
कई बार स्कूल से निकाल देने और चप्पल से मारने जैसी धमकियां भी दी गईं, जिससे वे लगातार मानसिक तनाव में रह रही हैं।विद्यालय में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी छात्राओं ने सवाल उठाए। उनका कहना है कि कई बार खाने में कीड़े मिलने की शिकायत की गई, लेकिन जिम्मेदारों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। लगातार शिकायतों के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं होने से छात्राओं में नाराजगी बढ़ती गई।
करीना कुमारी, अंजली कुमारी, विद्या कुमारी, गोरी कुमारी, मीरा कुमारी और पिहू कुमारी समेत अन्य छात्राओं ने बताया कि यह समस्या काफी समय से बनी हुई है और इसका सीधा असर उनकी पढ़ाई तथा मानसिक स्थिति पर पड़ रहा है।छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि आईडी कार्ड बनाने के नाम पर प्रत्येक छात्रा से 100 रुपये और रांची भ्रमण के नाम पर 250 रुपये लिए गए। साथ ही उन्होंने प्राचार्य को पद से हटाकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।छात्राओं के अनुसार, जब वे अपनी शिकायत लेकर उपायुक्त से मिलने जा रही थीं, तभी रास्ते में शिक्षिका अन्नपूर्णा कुमारी ने उनका आवेदन छिन लिया। इसके बावजूद छात्राओं ने हार नहीं मानी और प्रतिनिधिमंडल के साथ उपायुक्त से मिलकर अपनी शिकायत सौंप दी।




