हुसैनाबाद : तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से होमगार्ड जवान की मौत, गांव में पसरा मातम
Palamu : पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के कुडूवा मोड़ के समीप सड़क दुर्घटना में हेमजा गांव निवासी सह सेवा निवृत होमगार्ड जवान विनय कुमार सिंह उम्र 62 वर्ष की मौत हो गई।घटना उस समय हुई, जब विनय कुमार सिंह अपनी साइकिल में हवा भरवा रहे थे। इसी दौरान मोहम्मदगंज रोड की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मौकहर कला पंचायत के मुखिया पति नवाजिश खां परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और घायल विनय कुमार सिंह को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सा पदाधिकारी ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बाहर ले जाने की सलाह दी।
इसके बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची लेकर जा रहे थे, लेकिन गंभीर चोटों के कारण रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के संबंध में स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए हुसैनाबाद भेज दिया गया है।

होमगार्ड जवान नीरज कुमार के असामयिक निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, उनके निधन की खबर से हेमजा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

बताया जाता है कि उनका चार पुत्रियां सहित पत्नी को छोड़कर चले गए। उनके निधन से मुखिया जितेंद्र सिंह, सांसद प्रतिनिधि डॉ अजय जायसवाल, तथा समाज सेवी मुकेश कुमार मेहता ने शोक व्यक्त किया है।




