हैदरनगर में प्रतिभावान छात्र का निधन, जवाहर नवोदय व सैनिक विद्यालय प्रवेश परीक्षा में पहली बार में सफल रहा था 13 वर्षीय आकाश
किडनी रोग से पीड़ित छात्र आकाश की एम्स दिल्ली में इलाज के दौरान मौत, गांव में होगा अंतिम संस्कार
Palamu : हैदरनगर प्रखंड के रतनबिघा गांव निवासी 13 वर्षीय आकाश कुमार की शनिवार की सुबह करीब पांच बजे दिल्ली के एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। आकाश किडनी की बीमारी से पीड़ित था। पटना में डायलिसिस के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। इसकी जानकारी परिजन एवं शिक्षक रमेश कुमार ने दी।

उन्होंने बताया कि आकाश के पिता मनोज कुमार बीएसएफ के जवान हैं और वर्तमान में पंजाब में पदस्थापित हैं। माता व जलसहिया चंचल देवी समेत पूरा परिवार उसके इलाज को लेकर काफी दिनों से चिंतित थे। परिजनों के अनुसार आकाश की जान बचाने के लिए माता – पिता दोनों अपनी एक – एक किडनी दान करने के लिए तैयार थे, लेकिन इलाज के दौरान ही आकाश ने दम तोड़ दिया। आकाश के निधन की खबर से रतनबिघा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। उसे बचपन से पढ़ाने वाले यूवा एक्टिविस्ट अंकु सिंह राणा ने बताया कि जब आकाश पेन – पेंसिल पकड़ना भी ठीक से नहीं जानता था, तब से उन्होंने उसे पढ़ाना शुरु किया था। वर्ष 2017 – 18 तक उन्होंने पूरी ईमानदारी और लगन से उसे शिक्षा दी।
पढ़ाई में होनहार आकाश ने पहली ही बार में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, जपला और सैनिक विद्यायल की प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की थी। अंकु सिंह राणा ने कहा कि आकाश की पहली सफलता आज भी उनके लिए अविस्मरणीय है। इतनी कम उम्र में उसके असमय निधन की खबर ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया है। अपने पढ़ाए हुए बच्चे को खोने का दर्द शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। परिजनों के अनुसार आकाश के अंतिम संस्कार सहित सभी अंतिम कार्यक्रम उसके पैतृक गांव रतनबिघा से ही किये जायेंगे। उसके निधन से परिवार, शिक्षकों और ग्रामीणों में गहरा शोक है।





