होमगार्ड जवानों ने नई बहाली पर रोक लगाने की अपील की, नियमित ड्यूटी देने की मांग
Palamu : पलामू जिले में कार्यरत होमगार्ड जवानों को पर्याप्त एवं नियमित ड्यूटी उपलब्ध कराने तथा प्रस्तावित नई होमगार्ड बहाली पर तत्काल रोक लगाने की मांग उठाई गई है। होमगार्ड जवानों की ओर से प्रशासन के समक्ष आठ सूत्री मांगें रखते हुए वर्तमान जवानों के हित में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।

जवानों के अनुसार, पलामू जिले में वर्तमान में करीब 1,725 होमगार्ड जवान कार्यरत हैं। इनमें लगभग 550 महिला और 1,175 पुरुष होमगार्ड जवान शामिल हैं। वहीं जिले में उपलब्ध ड्यूटी पोस्ट की संख्या करीब 550 बताई गई है। ऐसे में उपलब्ध ड्यूटी की तुलना में होमगार्ड जवानों की संख्या काफी अधिक है और बड़ी संख्या में जवानों को नियमित ड्यूटी का अवसर नहीं मिल पा रहा है।जवानों का कहना है कि करीब 550 ड्यूटी पोस्ट की तुलना में 1,725 जवान होने के कारण एक समय में लगभग 30-32 प्रतिशत जवानों को ही ड्यूटी मिल पाती है, जबकि शेष जवानों को ड्यूटी की प्रतीक्षा करनी पड़ती है। इससे कई जवानों के सामने आर्थिक कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं।होमगार्ड जवानों ने कहा कि वे लंबे समय से शासन-प्रशासन, पुलिस विभाग, चुनाव, परीक्षा, पर्व-त्योहार, यातायात व्यवस्था, अस्पताल, सरकारी संस्थानों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण सेवाओं में अपनी जिम्मेदारियां निभाते आ रहे हैं। इसके बावजूद पर्याप्त ड्यूटी नहीं मिलने के कारण बड़ी संख्या में जवान प्रभावित हो रहे हैं।
आठ सूत्री मांगों में नई बहाली पर रोक प्रमुख
जवानों की प्रमुख मांगों में नई होमगार्ड बहाली पर तत्काल रोक, वर्तमान जवानों को नियमित एवं पर्याप्त ड्यूटी उपलब्ध कराना, उपलब्ध ड्यूटी पोस्ट के अनुरूप जवानों का समुचित समायोजन और लंबे समय से ड्यूटी से वंचित जवानों के हित में व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल है।होमगार्ड जवानों का कहना है कि जब वर्तमान में कार्यरत जवानों को ही पर्याप्त एवं नियमित ड्यूटी उपलब्ध नहीं हो पा रही है, तब नई बहाली की आवश्यकता एवं औचित्य पर प्रशासन को गंभीरता से पुनर्विचार करना चाहिए।जवानों ने जनहित, प्रशासनिक आवश्यकता और वर्तमान होमगार्ड जवानों के हितों को ध्यान में रखते हुए उनकी आठ सूत्री मांगों पर तत्काल सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की है।




