अविनाश देव बने झारखंड कुम्हार-प्रजापति समन्वय समिति के मुख्य संयोजक

झारखंड में कुम्हार समाज की एकता की नई पहल, एक मंच पर झारखंड कुम्हार/ प्रजापति समन्वय समिति की बनी सहमति।

Ranchi : झारखंड प्रदेश में कुम्हार/प्रजापति समाज की सामाजिक एवं संगठनात्मक एकता को मजबूत करने की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण पहल प्रेस क्लब रांची में हुई।

बैठक की शुरुआत दीप प्रज्वलित करते हुए तथा राष्ट्रीय प्रजापति महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष स्व. दिनेश प्रजापति के चित्र पर पुष्पर्पित एवं 02 मिनट मौन रखते हुए किया गया। प्रदेश के विभिन्न संगठनों झारखंड प्रजापति कुम्हार महासंघ, झारखंड कुम्हार महासभा, भारतीय प्रजापति हीरोज ऑर्गनाइजेशन, भारतीय कुम्हार महासंघ, भारतीय प्रजापति महासंघ, अखिल भारतीय कुंभकार महासंघ, राष्ट्रीय प्रजापति महासंघ आदि से जुड़े समाज के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक में सभी को एक मंच पर लाने तथा आपसी समन्वय के लिए “झारखंड कुम्हार/प्रजापति समन्वय समिति” के गठन पर सहमति बनी। सर्वसम्मति से अविनाश देव प्रजापति को मुख्य संयोजक, नीरज प्रजापति, रांची एवं आदित्य प्रजापति इटखोरी को सह संयोजक बनाया गया। वहीं राजू प्रजापति रांची को कोषाध्यक्ष, कौशल आनंद प्रजापति रांची, देवेंद्र प्रजापति गढ़वा, शत्रुघ्न प्रसाद रांची को मीडिया प्रभारी बनाया गया।

समाज के सशक्तिकरण के लिए एकता जरूरी

बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने माना कि समाज के विकास, अधिकारों, शिक्षा, रोजगार, राजनीतिक भागीदारी, आर्थिक सशक्तिकरण तथा पारंपरिक माटीकला के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावी आवाज उठाने के लिए संगठनात्मक एकता समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।बैठक में यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि समाज में अलग-अलग विचार और अलग-अलग संगठन हो सकते हैं, लेकिन समाज के व्यापक हित के मुद्दों पर सभी को एकजुट होकर काम करना चाहिए। इसी उद्देश्य से विभिन्न संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं समाज के सक्रिय लोगों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए झारखंड कुम्हार/प्रजापति समन्वय समिति बनाने का निर्णय लिया गया।

माटीकला बोर्ड के पुनर्गठन सहित कई मुद्दों पर बनेगी साझा रणनीति

बैठक में झारखंड में माटीकला बोर्ड के पुनर्गठन, कुम्हार समाज के पारंपरिक व्यवसाय को संरक्षण एवं प्रोत्साहन, कुम्हार आबादी वाले क्षेत्रों में मिट्टी की उपलब्धता, युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार से जोड़ने, कारीगरों को प्रशिक्षण एवं आधुनिक तकनीक उपलब्ध कराने तथा माटीकला उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर भी सामूहिक रूप से आगे बढ़ने की आवश्यकता पर चर्चा हुई।प्रतिनिधियों का कहना था कि जब समाज अलग-अलग आवाजों में अपनी बात रखता है तो उसका प्रभाव सीमित हो जाता है। वहीं, एकजुट होकर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी मांग रखने पर सरकार और प्रशासन के समक्ष समाज की बात अधिक मजबूती से रखी जा सकती है।

सामूहिक हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का लिया गया निर्णय

बैठक में संगठनात्मक एकता को लेकर महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा गया कि आने वाले समय में किसी व्यक्ति, संगठन या पद को प्राथमिकता देने के बजाय समाज के सामूहिक हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।झारखंड कुम्हार/प्रजापति समन्वय समिति का उद्देश्य किसी संगठन को समाप्त करना नहीं, बल्कि प्रदेश के अलग-अलग संगठनों और सामाजिक नेतृत्व के बीच समन्वय, संवाद और साझा कार्यक्रम तैयार करना होगा।

आगामी बैठक में कार्यक्रमों पर लिया जाएगा निर्णय

प्रस्तावित समिति के माध्यम से प्रदेश, प्रमंडल, जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक समाज के सक्रिय लोगों को जोड़ने की दिशा में काम करने की योजना है। इसके लिए आगामी बैठकों में समिति की संरचना, जिम्मेदारियां, संचालन व्यवस्था एवं भविष्य के कार्यक्रमों पर विस्तार से निर्णय लिया जाएगा। आने वाले दिनों में झारखंड कुम्हार/प्रजापति समन्वय समिति के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न संगठनों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों को साथ जोड़कर समाज के प्रमुख मुद्दों पर साझा रणनीति तैयार की जाएगी।

बैठक में बैजनाथ महतो, राजू प्रजापति, कुलदीप प्रजापति, सरिता कुमारी, नीरज प्रजापति, राजेश प्रजापति, मदन महतो, महादेव पंडित, अधिवक्ता अरुण प्रजापति, ललन प्रजापति, दिनेश प्रजापति, देवेंद्र प्रजापति, शत्रुघ्न प्रसाद, आनंद कौशल, पंचू पंडित, बालगोविंद प्रजापति, नमिता कुमारी, रेखा देवी, मुकेश प्रजापति, स्वामी हरिकिशोर महाराज, लक्ष्मण नायर, ब्रजेश प्रजापति, जितेंद्र प्रजापति, रघुनाथ प्रजापति, अधिवक्ता युगल किशोर, अधिवक्ता कृष्णा प्रजापति आदि सैकड़ों की संख्या में कुम्हार प्रजापति समाज के सम्मानित जन उपस्थित रहे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!