उत्तराखंड में बारिश का कहर, चारधाम यात्रा अस्थायी रूप से रोकी गई
Dehradune : उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी वर्षा से जोखिम बढ़ गया है। मौसम विज्ञान केंद्र की चेतावनी और चारधाम यात्रा मार्ग के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन ने सोमवार को एहतियातन चारधाम यात्रा का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया । यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया। इस बीच मौसम एवं विज्ञान विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी जारी कर लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्ग पर मौजूद तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जाए तथा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही आगे की यात्रा की अनुमति दी जाए। उन्होंने मीडिया और अन्य संचार माध्यमों से तीर्थयात्रियों तथा आम लोगों तक समय पर प्रमाणिक जानकारी पहुंचाने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय मौजूदा मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और यात्रा मार्गों पर सुरक्षा संबंधी जोखिमों को देखते हुए एहतियाती उपाय के रूप में लिया गया है। मार्ग सुरक्षित होने और परिस्थितियां सामान्य होने के बाद चारधाम यात्रा का संचालन पुनः शुरू किया जाएगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और संबंधित जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।




