
एफओबी निर्माण को लेकर रवि डे ने डीआरएम धनबाद का जताया आभार, आरओबी निर्माण की मांग
Latehar : झाविस नेता सह समाजसेवी रवि कुमार डे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर टोरी जंक्शन में पैदल यात्रियों के लिए फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चलने पर खुशी जताई है। उन्होंने इस जनहित के कार्य के लिए धनबाद रेल मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया है।
रवि कुमार डे ने कहा कि टोरी जंक्शन पर वर्षों से फुट ओवरब्रिज निर्माण क्षेत्रवासियों और प्रतिदिन रेलवे की पटरियां पार कर आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं की प्रमुख मांग रही है। वर्ष 2002 से उनके द्वारा टोरी जंक्शन में एफओबी तथा रेलवे फाटक के समीप आरओबी निर्माण की मांग को लेकर धरना, प्रदर्शन, आमरण अनशन और रेल रोको आंदोलन सहित कई कार्यक्रम हजारों लोगों के सहयोग से किए जाते रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हाल ही में धनबाद रेल मंडल के वर्तमान डीआरएम अखिलेश मिश्रा के टोरी रेलवे स्टेशन आगमन के दौरान उनके नेतृत्व में समाजसेवियों के एक शिष्टमंडल ने टोरी जंक्शन की ज्वलंत समस्याओं से उन्हें अवगत कराया था। उस दौरान डीआरएम ने वर्ष 2026 में फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराने का आश्वासन दिया था, जिसे उन्होंने पूरा कर दिखाया है।
रवि कुमार डे ने कहा कि जिस प्रकार टोरी जंक्शन पर एफओबी का निर्माण कराया जा रहा है, उसी प्रकार रेलवे फाटक के समीप आरओबी का निर्माण भी बेहद जरूरी है। प्रतिदिन रेलवे फाटक पार करने में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। फाटक बंद रहने के कारण लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है और आवागमन प्रभावित होता है।
उन्होंने डीआरएम अखिलेश मिश्रा से जनहित में उचित पहल करते हुए टोरी रेलवे फाटक के समीप आरओबी निर्माण की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आरओबी का निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी तथा आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा।





