
एसवीएम में ‘मातृ हस्तेन भोजन’ कार्यक्रम आयोजित
लातेहार: सरस्वती विद्या मंदिर, धर्मपुर लातेहार में गुरुवार, आज शिशु वाटिका के तत्वावधान में ‘मातृ हस्तेन भोजन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कक्षा प्रथम ‘अ’, ‘ब’ तथा द्वितीय ‘अ’ और ‘ब’ के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया।इस भावनात्मक आयोजन में बच्चों को उनकी माताओं ने अपने हाथों से प्रेमपूर्वक भोजन कराया। कार्यक्रम के दौरान “माँ तू कितनी अच्छी है” गीत ने पूरे वातावरण को भावुक एवं संवेदनशील बना दिया।कार्यक्रम की शुरुआत भैया-बहनों द्वारा सभी माताओं के हाथों से गौ-ग्रास निकलवाकर की गई। इसके पश्चात भोजन मंत्रोच्चार के साथ भोजन प्रारंभ हुआ। बड़ी संख्या में माताओं की सहभागिता से आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य माताओं के साथ संवाद स्थापित करना तथा बच्चों और माताओं के बीच स्नेह संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाना था।इस अवसर पर प्रांत की सह शिशु वाटिका प्रमुख गीता दीदी ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम माँ और बच्चों के रिश्ते को और गहरा बनाते हैं। उन्होंने माताओं से बच्चों को पौष्टिक एवं स्वास्थ्यवर्धक भोजन देने तथा बाहरी खाद्य पदार्थों से परहेज कराने पर जोर दिया। साथ ही विद्यालय में भी बच्चों को बाहरी जलपान न देने की अपील की।कार्यक्रम को सफल बनाने में शिशु वाटिका की सभी दीदीजियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





