
ओरसा पंचायत भवन में पुलिस का जनसंवाद, ग्रामीणों को कानून, साइबर अपराध व सामाजिक कुरीतियों के प्रति किया जागरूक
Latehar : पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर शनिवार को महुआडांड़ थाना क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत ग्राम ओरसा पंचायत भवन में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) महुआडांड़, थाना प्रभारी, महिला थाना प्रभारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों को दहेज प्रताड़ना, मानव तस्करी, डायन प्रथा, साइबर अपराध, बाल मजदूरी, अवैध जावा महुआ शराब के निर्माण एवं बिक्री, सड़क सुरक्षा, भूमि विवाद, नशा उन्मूलन तथा डायल-112 सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की सहायता लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आ रही समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया। इस पर संबंधित विभागों के समन्वय से आवश्यक सहयोग एवं पहल का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर बच्चों के बीच टॉफी एवं बिस्कुट का वितरण भी किया गया। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महुआडांड़ के सहयोग से मेडिकल टीम को आयोजन स्थल पर बुलाया गया, जहां बरसाती बीमारियों से पीड़ित लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उनका उपचार किया गया तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जनसंवाद कार्यक्रमों का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना, सामाजिक जागरूकता बढ़ाना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।





