
किडजी प्रीस्कूल में हर्षोल्लास से मना कृष्ण जन्मोत्सव
Latehar : शहर के गायत्री नगर स्थित किडजी प्रीस्कूल में गुरुवार को कृष्ण जन्मोत्सव हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत लड्डू गोपाल की पूजा-अर्चना और आरती से हुई।इसके बाद बच्चों ने लड्डू गोपाल को झूला झुलाकर जन्मोत्सव मनाया।
इस अवसर पर बच्चे राधा-कृष्ण समेत भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न स्वरूपों की आकर्षक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। नन्हे-मुन्नों की मनमोहक प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में श्रीकृष्ण जन्म की झांकी प्रस्तुत की गई। बच्चों ने जेल में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, वासुदेव द्वारा बाल कृष्ण को लेकर जाने समेत जन्म प्रसंगों को जीवंत किया। इसके अलावा माखन चोर गतिविधि, दही-हांडी सहित कई मनोरंजक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बाल कृष्ण की लीलाओं का आनंद लिया। शिक्षिकाओं ने बच्चों को जन्माष्टमी के महत्व और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े प्रसंगों की जानकारी दी। साथ ही प्रेम, मित्रता, करुणा, साहस और सत्य जैसे जीवन मूल्यों की सीख दी। सेंटर हेड नवीन कुमार मिश्रा ने कहा कि त्योहार बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामाजिक कौशल का विकास होता है।
कार्यक्रम में शिक्षिकाएं निधि कुमारी, मानसी राज, निहारिका कुमारी, दिव्या कुमारी, ब्यूटी कुमारी, अटेंडेंट दीदियां खुशबू, मिंता, झुनर, जगिता, सुशांति एवं संध्या मेड कुंती, ट्रांसपोर्ट मैनेजर आलोक उपाध्याय एवं जितेंद्र कुमार सहित कई अभिभावक और बच्चे मौजूद थे।





