चंदवा में आजसू का शक्ति प्रदर्शन, पलामू प्रमंडल स्तरीय युवा सम्मेलन संपन्न

लातेहार: चंदवा स्थित लादू बाबू बैंक्वेट हॉल में युवा आजसू पार्टी द्वारा पलामू प्रमंडल स्तरीय युवा सम्मेलन सह सामाजिक मंथन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पलामू, गढ़वा और लातेहार जिले से सैकड़ों की संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल हुए।कार्यक्रम की अध्यक्षता आजसू पार्टी लातेहार जिलाध्यक्ष अमित पाण्डेय ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत शामिल हुए।

युवाओं के साथ नियोजन नीति के नाम पर छलावा किया गया है:सुदेस महतो

मुख्य अतिथि सुदेश कुमार महतो ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड के युवाओं के साथ नियोजन नीति के नाम पर छलावा किया गया है।उन्होंने कहा, “थर्ड और फोर्थ ग्रेड की नौकरियों पर पहला हक झारखंड के मूलवासी और आदिवासी युवाओं का है, लेकिन आज विभिन्न विभागों के पद बाहरी लोगों को बेचे जा रहे हैं। दावों और हकीकत के बीच बड़ा अंतर है। हमने संघर्ष कर झारखंड राज्य हासिल किया है, अब इसे संवारने की जिम्मेदारी भी हमारी है।”विशिष्ट अतिथि डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि पलामू प्रमंडल खनिज संपदा से समृद्ध होने के बावजूद यहां के युवा रोजगार के लिए महानगरों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं।उन्होंने कहा कि डीएमएफटी फंड का सही उपयोग करते हुए प्रत्येक जिले में स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित किए जाएं और निजी कंपनियों में 75 प्रतिशत नौकरियां स्थानीय युवाओं के लिए आरक्षित की जाएं।सम्मेलन में शिक्षा, स्वास्थ्य, नशा उन्मूलन तथा जल-जंगल-जमीन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि आगामी एक माह के भीतर पलामू प्रमंडल के प्रत्येक पंचायत में युवा आजसू की कमेटी गठित की जाएगी।कार्यक्रम का संचालन प्रताप सिंह ने किया।

सामाजिक मुद्दों को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए संघर्ष तेज करेंगे: अमित

धन्यवाद ज्ञापन देते हुए जिलाध्यक्ष अमित पाण्डेय ने कहा कि केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो द्वारा दिए गए मार्गदर्शन को सभी कार्यकर्ता आत्मसात करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का कार्य करेंगे तथा सामाजिक मुद्दों को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए संघर्ष तेज करेंगे।सम्मेलन के दौरान 40 लोगों ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में जिले के सभी पदाधिकारी, विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष, महिला मोर्चा की प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!