
चंदवा में यातायात नियमों की जांच, 8 वाहनों का ऑनलाइन चालान
लातेहार: उपायुक्त लातेहार के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल के नेतृत्व में मंगलवार सुबह चंदवा थाना क्षेत्र में यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच की गई और आवश्यक कार्रवाई की गई।जांच अभियान के क्रम में कुल 62 वाहनों की जांच की गई।इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 8 वाहनों के विरुद्ध ऑनलाइन चालान किया गया। इन वाहनों से कुल ₹1,02,500 की चालान राशि निर्धारित की गई।अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ने चंदवा बस स्टैंड का भी निरीक्षण किया तथा सभी बस एजेंटों को निर्देश दिया कि सभी यात्री बसों का परिचालन निर्धारित बस स्टैंड से ही सुनिश्चित कराया जाए।उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क किनारे अथवा अव्यवस्थित तरीके से बसों के संचालन पर कार्रवाई की जाएगी।जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल ने कहा कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए जिले में नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, आवश्यक दस्तावेज साथ रखें तथा सुरक्षित वाहन संचालन सुनिश्चित करें।




