झारखंड भाजपा ने कौशल विकास मिशन में अनियमितता का लगाया आरोप, उच्चस्तरीय जांच की मांग

Ranchi: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने झारखंड सरकार की ‘झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी’ (जेएसडीएमएस) में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि ब्लैकलिस्ट की गई कंपनियों को नियमों के विपरीत अस्थायी रूप से काली सूची से हटाकर करोड़ों रुपये का भुगतान किया गया और बाद में उन्हें फिर से ब्लैकलिस्ट कर दिया गया।

रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में अजय साह ने कुछ दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए दावा किया कि अगस्त 2024 में तत्कालीन मिशन निदेशक ने स्किल डेवलपमेंट से जुड़ी छह कंपनियों को फर्जी बैंक गारंटी देने का दोषी मानते हुए अगस्त 2026 तक के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया था। इसके बावजूद वर्तमान मिशन निदेशक शैलेंद्र लाल ने अक्टूबर 2024 में इन कंपनियों को “लोकहित” का हवाला देते हुए काली सूची से हटाकर भुगतान करने का आदेश जारी किया। भाजपा का दावा है कि इस दौरान विभाग की ओर से लगभग 55 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।

अजय साह ने आरोप लगाया कि अगस्त 2025 में फर्जी बैंक गारंटी मामले में तत्कालीन अधिकारी विनय चौबे के जेल जाने के बाद इन्हीं कंपनियों को दोबारा ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। उनके अनुसार, लगभग दस महीने तक कंपनियों को काली सूची से बाहर रखकर भुगतान किया गया और बाद में उन्हें फिर से प्रतिबंधित कर दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अगस्त 2026 में ब्लैकलिस्ट की अवधि समाप्त होने के बाद इन्हीं कंपनियों को दोबारा भुगतान किए जाने की तैयारी की जा रही है।

भाजपा प्रवक्ता ने यह भी सवाल उठाया कि यदि फर्जी बैंक गारंटी मामले में एक विभाग के सचिव विनय चौबे के विरुद्ध कार्रवाई हो सकती है, तो श्रम विभाग के तत्कालीन और वर्तमान अधिकारियों पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि शैलेंद्र लाल, राजन श्रीवास्तव और विश्वरूप ठाकुर इस पूरे प्रकरण के प्रमुख जिम्मेदार हैं तथा उन्हें प्रभावशाली स्तर पर संरक्षण प्राप्त है।

भाजपा ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो श्रम विभाग के वर्तमान और पूर्व सचिवों के विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की जानी चाहिए। इस अवसर पर भाजपा के मीडिया सह-प्रभारी सतीश सिन्हा भी उपस्थित थे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!