टोरी आरओबी निर्माण की मांग तेज, आजसू ने चलाया हस्ताक्षर अभियान; 13 जुलाई को होगा धरना

Latehar : टोरी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की मांग को लेकर गुरुवार को आजसू पार्टी ने जिला अध्यक्ष अमित पांडेय के नेतृत्व में समाहरणालय गेट के समीप हस्ताक्षर अभियान चलाया। अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर आरओबी निर्माण के समर्थन में हस्ताक्षर किए।

जिला अध्यक्ष अमित पांडेय ने बताया कि टोरी रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण की मांग को लेकर 13 जुलाई को रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी कार्यक्रम की तैयारी के तहत हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें हजारों लोगों ने अपना समर्थन दर्ज कराया।

अमित पांडेय ने आरोप लगाया कि चतरा सांसद कालीचरण सिंह आरओबी निर्माण में देरी के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, जबकि राज्य सरकार केंद्र सरकार पर आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि दोनों सरकारों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि टोरी रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी नहीं होने के कारण फाटक घंटों बंद रहता है, जिससे लंबा जाम लग जाता है। इसके कारण कई बार गंभीर मरीज समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सके और उनकी जान तक चली गई। आजसू पार्टी ने सरकार से अविलंब टोरी आरओबी निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!