ब्राउन शुगर तस्करी के संगठित गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार
Ranchi : पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चक्रधरपुर में सक्रिय ब्राउन शुगर तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 75 पुड़िया ब्राउन शुगर, एक बाइक और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) डॉ सैयद मुस्तफा हाशमी ने पूरे मामले की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में ब्राउन शुगर, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुप्त सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में थाना प्रभारी अवधेश कुमार की अगुवाई में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पहली कार्रवाई चक्रधरपुर थाना की ओर से पुराना बस्ती इलाके में की गई। पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास कर रहे शेखर सुमन साहु और शुभम वर्मण को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान शेखर सुमन साहु के पास से करीब 11.1 ग्राम (40 पुड़िया) और शुभम वर्मण के पास से करीब दो ग्राम यानी (10 पुड़िया) ब्राउन शुगर बरामद हुई। मौके से एक मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त टीवीएस रेडियॉन बाइक भी जब्त की गई। इसी दौरान ब्राउन शुगर खरीदने पहुंचे आशीफ शेख उर्फ बंगला को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
दूसरी कार्रवाई चक्रधरपुर थाना में दर्ज मामले के तहत पोर्टरखोली क्षेत्र में की गई। यहां पुलिस ने अभिषेक प्रामाणिक उर्फ अण्डा और मुकेश राम रवि उर्फ बम्बा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान अभिषेक प्रामाणिक के पास से करीब 3.5 ग्राम (24 पुड़िया) और मुकेश राम रवि के पास से 0.15 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। दोनों के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे आपस में मिलकर चक्रधरपुर में संगठित तरीके से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का अवैध कारोबार चला रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और पूरे सिंडिकेट की गतिविधियों की जांच में जुटी हुई है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पुराना बस्ती निवासी शेखर सुमन साहु, काली मंदिर रोड निवासी शुभम वर्मण, बंगलाटांड निवासी आशीफ शेख उर्फ बंगला, कुम्हारटोली निवासी अभिषेक प्रामाणिक उर्फ अण्डा और पोर्टरखोली निवासी मुकेश राम रवि उर्फ बम्बा के रूप में हुई है।
इस पूरी कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ सैयद मुस्तफा हाशमी, थाना प्रभारी अवधेश कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी और जवानों की विशेष छापेमारी टीम शामिल रही।




