ट्रेन में महिला को सांप ने काटा, एसएच हॉस्पिटल में ईलाज जारी
Palamu : मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बैरिया निवासी रिमझिम सिंह को गरीब रथ एक्सप्रेस में सफर के दौरान कथित तौर पर सांप ने काट लिया। फिलहाल उनकी हालत में सुधार है और वे मेदिनीनगर के आबादगंज स्थित एसएच हॉस्पिटल में भर्ती हैं। जहाँ शुक्रवार की सुबह करीब 7 बजे तक ईलाज जारी है।

रिमझिम सिंह ने बताया कि वह 3 जुलाई की रात डाल्टनगंज से नई दिल्ली जाने के लिए गरीब रथ एक्सप्रेस की जी-12 बोगी में सवार हुई थीं। ट्रेन रात करीब 11 बजे स्टेशन से रवाना हुई। ट्रेन खुलने के लगभग 15 मिनट बाद उन्हें अचानक तेज पसीना आने लगा, घबराहट महसूस हुई और पैर में असहनीय दर्द शुरू हो गया।उन्होंने अपने भाई को पैर पर बने काटने के निशान की तस्वीर भेजी। भाई ने डॉक्टर को तस्वीर दिखाई, जिसने इसे सांप के काटने का निशान बताया।
इसके बाद रिमझिम ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दी।सूचना मिलते ही रेलवे की ओर से डॉक्टर और टीटीई मौके पर पहुंचे। जांच के बाद डॉक्टर ने भी सांप काटने की आशंका जताई। इसके बाद गढ़वा रोड जंक्शन पर रिमझिम और उनके बच्चों को ट्रेन से उतारा गया और तत्काल सदर अस्पताल, गढ़वा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
अगले दिन उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुंबागढ़ा अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार, पिछले दो दिनों से रिमझिम मेदिनीनगर के आबादगंज स्थित एसएच हॉस्पिटल में भर्ती हैं।चिकित्सकों की निगरानी में उनकी स्थिति पहले से बेहतर बताई जा रही है।
इस घटना के बाद यात्रियों के बीच ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।



