
दुर्गा पूजा को लेकर एसपी व डीडीसी ने की संयुक्त ब्रीफिंग, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने का निर्देश

Latehar : दुर्गा पूजा के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर आज सीसीआर लातेहार में पुलिस अधीक्षक एवं उप विकास आयुक्त की संयुक्त अध्यक्षता में ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें जिले भर में पूजा के दौरान प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस जवानों को सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग के दौरान पूजा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सीसीआर के माध्यम से जिले भर की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने और शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने, निर्धारित रूट डायवर्जन का सख्ती से पालन कराने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क एवं मुस्तैद रहने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।
प्रशासन ने दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा, शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और जवानों को पूरी तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।





