देवघर और बासुकीनाथ के लिए हेलीकॉप्टर सेवा 4 अगस्त से होगा शुरू
Ranchi : श्रावणी मेला के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा देवघर एवं बासुकीनाथ धाम तक त्वरित आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से झारखंड सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (नागर विमानन प्रभाग) द्वारा 4 अगस्त से हेलीकॉप्टर सेवा प्रारंभ की जा रही है।
नागर विमानन विभाग के सौजन्य से झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के माध्यम से संचालित यह सेवा आमजन के लिए व्यावसायिक किराये पर उपलब्ध होगी। इसके तहत श्रद्धालु देवघर एवं बासुकीनाथ धाम के आकाशीय दर्शन के साथ-साथ दोनों धार्मिक स्थलों के बीच हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दुमका जिले स्थित बासुकीनाथ हेलीपैड को बेस हेलीपैड के रूप में विकसित किया गया है।

हेलीकॉप्टर के सुरक्षित एवं सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। साथ ही सेवा के व्यापक प्रचार-प्रसार की भी व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस सुविधा का लाभ उठा सकें। हेलीकॉप्टर सेवा के अंतर्गत देवघर आकाशीय परिदर्शन तथा बासुकीनाथ आकाशीय परिदर्शन के लिए 7 से 10 मिनट की उड़ान का किराया 2,850 रुपया निर्धारित किया गया है।
देवघर से त्रिकूट आकाशीय परिदर्शन के लिए 10 से 15 मिनट की उड़ान का किराया 3,750 रुपया तथा देवघर से बासुकीनाथ तक एकतरफा हेलीकॉप्टर सेवा का किराया 4,500 रुपया निर्धारित किया गया है।
श्रद्धालु हेलीकॉप्टर सेवा की बुकिंग एवं विस्तृत जानकारी के लिए www.jharkhandaviation.in वेबसाइट अथवा जारी हेल्पलाइन नंबर 9122583111 पर संपर्क कर सकते हैं।


