सीएसपी केंद्र में महिला संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी
संचालक पर गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी
Gadhwa : गढ़वा शहर थाना क्षेत्र के तुलबुला गांव निवासी रिमिश उरांव की पत्नी सुनीता देवी संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसकर घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार, सुनीता देवी बानू टिकर मध्य विद्यालय के समीप संचालित एक सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) में पैसे निकालने गई थीं।
आरोप है कि सर्वर काम नहीं करने की बात कहकर सीएसपी संचालक कुलदीप यादव ने उन्हें घर की छत पर बुलाया। पीड़िता का कहना है कि इसके बाद उन्हें कुछ भी याद नहीं है।घटना की सूचना मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायल महिला को गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया। महिला के शरीर पर झुलसने के निशान पाए गए हैं।

प्रारंभिक तौर पर बिजली के करंट या किसी ज्वलनशील पदार्थ की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, झुलसने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।पीड़िता ने गढ़वा थाना में लिखित आवेदन देकर सीएसपी संचालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
उधर पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।


