
पति की लंबी आयु के लिए सुहागिन महिलाओं ने रखा वट सावित्री व्रत
Palamu : पलामू में पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना को लेकर शनिवार की अहले सुबह हमीदगंज स्थित सूर्य मंदिर और आसपास के इलाकों में सुहागिन महिलाओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ वट सावित्री व्रत मनाया।शनिवार सुबह होते ही शहर के कई जगहों पर वट वृक्ष (बरगद) पेड़ के पास महिलाओं की भारी भीड़ जुटने लगी।पारंपरिक परिधानों और 16 श्रृंगार में सजी-धजी महिलाएं पूजा सामग्री के साथ वट वृक्ष के नीचे पहुंचीं और पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

शहर के कई प्रमुख स्थानों पर स्थित वट वृक्षों के पास सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. व्रती महिलाओं ने निर्जला उपवास रखते हुए वट वृक्ष की पूजा की तथा वृक्ष के तने में श्रद्धा के साथ कच्चा सूत लपेटकर परिक्रमा की।परिक्रमा और पूजन के बाद महिलाओं ने सावित्री-सत्यवान की पौराणिक कथा सुनी और अपने पति की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि और संतानों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।पूजा स्थलों पर महिलाओं द्वारा गाए जा रहे पारंपरिक धार्मिक गीतों और मंत्रोच्चारण से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा. कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की और एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर व्रत की शुभकामनाएं दीं।
पौराणिक मान्यता है कि वट सावित्री व्रत रखने से पति को लंबी आयु प्राप्त होती है और वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहता है. इसी आस्था के साथ हर वर्ष ज्येष्ठ माह की अमावस्या को सुहागिन महिलाएं यह व्रत करती हैं।




