
पथरा पुलिस पिकेट प्रभारी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने किया योग अभ्यास
Palamu : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पलामू जिला स्थित पथरा पिकेट परिसर में रविवार की सुबह योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पिकेट प्रभारी धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में पिकेट के सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में पुलिसकर्मियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान क्रियाएं की।

कार्यक्रम की शुरुआत योग के महत्व पर प्रकाश डालने के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित पुलिसकर्मियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया। इस दौरान शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा तनावमुक्त जीवन जीने के उपायों पर भी चर्चा की गई। थाना परिसर का वातावरण योगमय रहा और सभी ने अनुशासन के साथ अभ्यास किया।
इस अवसर पर पथरा पिकेट प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने योग के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और स्वस्थ बनाने की एक प्रभावी पद्धति है। वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में इसका महत्व और भी बढ़ गया है।पुलिस विभाग के कर्मचारियों को अक्सर तनावपूर्ण परिस्थितियों में काम करना पड़ता है, ऐसे में नियमित योगाभ्यास उन्हें शारीरिक रूप से फिट और मानसिक रूप से मजबूत रखने में सहायक होता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वस्थ एवं निरोगी जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया। इस दौरान योग दिवस के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश भी दिया गया।




