
पलामू में बिजली की आंखमिचौनी, शासन-प्रशासन बेखबर
Palamu : पलामू में बिजली की आंखमिचौनी से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक तो उमस भरे गर्मी, दूसरे बिजली गोल, ऐसे में पलामू के लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है हैं। इस ओर ना तो शासन का ध्यान है और नहीं प्रशासन का। झारखंड के मुख्य सचिव और पलामू डीसी के फरमान का अभी तक कोई असर नहीं देखा जा रहा है। अभी हाल ही में पलामू में बिजली की समस्या को लेकर डीसी ने एक आदेश जारी किया था। आदेश तो सचमुच आमजनों के हित में था, लेकिन वह आदेश सिर्फ आदेश बनकर रह गया। इधर एक सप्ताह पूर्व राज्य के मुख्य सचिव ने भी बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर एक आदेश जारी किया था।

झारखंड के मुख्य सचिव ने क्या कहा था ?
झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार की अध्यक्षता में पिछले सप्ताह ऊर्जा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। इस अवसर पर घंटों चली इस इस मैराथन बैठक में बिजली उत्पादन, संचरण, ऊर्जा विकास और वितरण निगम के शीर्ष अधिकारियों ने भाग लिया था। मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा था कि 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी प्रमंडलों में दिन-रात संचालित होने वाले कंट्रोल रूम के गठन का निर्देश भी दिया था। मुख्य सचिव ने दो टूक कहा था कि बिजली आपूर्ति में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अब जवाबदेही तय होगी। उन्होंने फील्ड में तैनात महाप्रबंधकों को केवल कार्यालय तक सीमित न रहने और जमीनी स्तर पर निगरानी करने को कहा था।वहीं संचरण निगम के एमडी केके वर्मा को ट्रांसमिशन से जुड़ी बाधाओं पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया था।
पलामू के डीसी ने क्या कहा था ?
बीते 11 मई को पलामू जिले में बिजली से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने महत्वपूर्ण पहल की थी।उपायुक्त ने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया था कि विद्युत शिकायतों के निष्पादन हेतु एक डेडिकेटेड व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाये।इस ग्रुप में सभी अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम), अंचल अधिकारी (सीओ) के साथ-साथ विद्युत विभाग के कनीय एवं सहायक अभियंताओं को भी जोड़ा जायेगा।उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा था कि सभी सीओ अपने-अपने क्षेत्र में बिजली पोल क्षतिग्रस्त होने, बिजली तार पर पेड़ गिरने, ट्रांसफार्मर जलने एवं बिजली से जुड़ी अन्य समस्याओं की सूचना तत्काल इस ग्रुप में साझा करेंगे।इसके बाद संबंधित कनीय एवं सहायक अभियंता द्वारा प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जायेगा तथा निष्पादन के पश्चात कार्य से संबंधित फोटो भी ग्रुप में साझा किया जायेगा।उपायुक्त ने स्पष्ट कहा था कि बढ़ती गर्मी, बारिश एवं तेज हवा के कारण बिजली से जुड़ी समस्याएं बढ़ जाती हैं, लेकिन बिजली एक अत्यावश्यक सेवा है।ऐसे में आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिये शिकायतों का त्वरित समाधान बेहद जरूरी है।



