
पलामू में भीषण गर्मी का कहर, 43 डिग्री पार तापमान; लोगों को सतर्क रहने की अपील
Upendra Kumar Papu
Palamu : पलामू जिले में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। जिले के लगभग सभी प्रखंडों में तापमान लगातार बढ़ते हुए 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हालात ऐसे हैं कि दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है और जरूरी काम के बिना लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।गर्मी का असर इतना अधिक है कि न तो पंखे से राहत मिल रही है और न ही कूलर से।

उमस भरी गर्मी और तेज धूप के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर सुबह 11 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक घर से बाहर निकलना जोखिम भरा साबित हो रहा है। इस दौरान गर्म हवाएं (लू) चलने से हीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ गया है।स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इस भीषण गर्मी में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि वे गर्मी से जल्दी प्रभावित होते हैं।
लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे दोपहर 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और यदि निकलना जरूरी हो तो सिर को ढककर ही बाहर जाएं। डॉक्टरों के अनुसार, शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए नियमित रूप से ठंडा पानी पीते रहना चाहिए। इसके साथ ही मौसमी फल और पेय पदार्थ जैसे खीरा, ककड़ी, तरबूज, नींबू पानी, बेल का शरबत और आम पन्ना का सेवन करने से शरीर को ठंडक मिलती है और लू से बचाव होता है।
प्रशासन द्वारा भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। अत्यधिक गर्मी के इस दौर में थोड़ी सी लापरवाही भी स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है। ऐसे में सभी को सतर्क रहकर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी।




