
पांकी-डाल्टनगंज मुख्य मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, युवक की मौत, तीन घायल
Palamu : पांकी-डाल्टनगंज मुख्य मार्ग पर गजबोर के समीप सोमवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पथरा गांव निवासी अरुण सिंह के पुत्र अंकित कुमार सिंह की हादसे में घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दुर्घटना में घायल तीन लोगों को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने लोगों से सड़क पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।



