पाटन थाना पहुंचे पलामू SP Kapil Choudhry, अपराध नियंत्रण को लेकर दिए सख्त निर्देश
Palamu : पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने शनिवार को पाटन थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, लंबित कांडों के अनुसंधान एवं निष्पादन, वारंट-कुर्की के मामलों, पासपोर्ट सत्यापन, अभिलेखों के संधारण और थाना परिसर की व्यवस्था की समीक्षा की।

एसपी ने अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग के लिए क्षेत्र के एंट्री-एग्जिट प्वाइंट पर CCTV लगाने, रात्रि गश्ती बढ़ाने, नियमित वाहन जांच करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही बैंकों, एटीएम, बाजारों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्ती सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा लंबित वारंट और कुर्की का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने थाना पहुंचने वाले आम लोगों के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से समाधान करने पर जोर दिया।
एसपी ने थाना परिसर में साफ-सफाई और अभिलेखों को अद्यतन रखने के साथ पुलिसकर्मियों को ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम जनता की सुरक्षा पलामू पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।




