पिपराटांड़ थाना की पुलिस ने 4 महीने से लापता किशोरी को दिल्ली से किया बरामद
Palamu : पलामू जिला अंतर्गत पिपराटांड़ थाना की पुलिस ने एक बड़ी सफलता प्राप्त किया है। मिली जानकारी के अनुसार पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम गणेशपुर निवासी गोलू भुईंया की 15 वर्षीय पुत्री रिंकी कुमारी को दिल्ली से बरामद कर लिया गया है।पिपराटांड़ थाना की पुलिस रिंकी कुमारी को लेकर आज 20 जुलाई को थाना पहुंची।

बता दें कि 4 माह पूर्व रिंकी कुमारी अपने घर से लापता हो गई थी। वह भटकते-भटकते दिल्ली पहुंच गई और वहां रेजा का काम करती थी। इसी दौरान वह किसी दूसरे व्यक्ति के मोबाइल फोन से अपने घर पर मां को फोन की। उसने मां को बताया कि वह दिल्ली में काम कर रही है। इस बात की जानकारी किसी तरह थाना प्रभारी निलेश कुमार को मिल गई। थाना प्रभारी ने उक्त फोन पर कई बार फोन लगाया, तो वह फोन स्विच ऑफ मिला। थाना प्रभारी निलेश कुमार टेक्निकल सेल की मदद से उस मोबाइल तक पहुंच गए। जिस मोबाइल से रिंकी कुमारी अपने मां को फोन की थी, उसका ट्रेंस दिल्ली का मिला। निलेश कुमार ढूंढते-ढूंढते दिल्ली तक पहुंचे और रिंकी कुमारी को बरामद कर लिया गया।
बता दें कि रिंकी कुमारी को गायब होने के बाद पांकी के कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर आंदोलन भी किया था। यह मामला काफी हाइलाइटेड हो गया था और पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।
इस संबंध में पिपराटांड़ थाना कांड संख्या 02/26 दिनांक 06.02.2026 को धारा 137(2)/96 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।




