फरार वारंटी के घर पुलिस ने डुगडुगी बजाकर चिपकाया इश्तेहार
कोर्ट में हाजिर नहीं होने पर कार्रवाई, आत्मसमर्पण नहीं किया तो होगी कुर्की-जब्ती
Palamu : हरिहरगंज थाना पुलिस ने मंगलवार को फरार चल रहे वारंटी के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई की. पुलिस ने कूलहिया पंचायत के लादी वादी गांव निवासी लल्लू सिंह के घर पहुंचकर इश्तेहार चिपकाया. लल्लू सिंह छतरपुर थाना कांड संख्या 80/2008 का नामजद अभियुक्त है और पिछले कई महीनों से फरार चल रहा था.

न्यायालय की ओर से अभियुक्त को कई बार नोटिस जारी कर हाजिर होने का निर्देश दिया गया था. इसके बावजूद वह न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ।लगातार गैरहाजिर रहने पर कोर्ट के आदेश पर हरिहरगंज पुलिस गांव पहुंची. पुलिस ने गांव में डुगडुगी बजाकर लोगों को कार्रवाई की जानकारी दी. इसके बाद अभियुक्त के घर के मुख्य दरवाजे पर इश्तेहार चिपकाया गया.
थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि न्यायालय के आदेश के तहत इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई की गयी है।यदि अभियुक्त न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जायेगी. कार्रवाई में एएसआइ राजेश माड़ी सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।




