
बाइक से गिरकर युवक की मौत, मेदिनीनगर एमएमसीएच में तोड़ा दम
Palamu : पलामू जिले के मेहदीनगर क्षेत्र में गुरुवार को बाइक दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के कठौंदा गांव निवासी 22 वर्षीय आई अंसारी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आई अंसारी बाइक चला रहा था। इसी दौरान अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद उसे इलाज के लिए हुसैनाबाद अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सको ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। जहां ऑन ड्यूटी तैनात चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर एमएमसीएच टीओपी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया।परिजनों के अनुसार युवक बाइक चलाते समय अचानक नियंत्रण खो बैठा और गड्ढे में गिर गया था, जिससे उसे गंभीर चोटें आई थीं।घटना के बाद पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।



