
बालूमाथ में पत्रकारों के साथ हुए दुर्व्यवहार को कड़ी निंदा करता हूँ: रविडे
Latehar : बालूमाथ प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में कोल ब्लॉक कंपनी द्वारा आयोजित जनसुनवाई के दौरान समाचार संकलन करने पहुंचे पत्रकार के साथ कथित दुर्व्यवहार एवं अपमानजनक व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की पत्रकारों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कड़ी निंदा की है।
इस संबंध में समाजसेवी रवि कुमार डे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जनसुनवाई के दौरान समाचार संकलन करने पहुंचे पत्रकारों को कथित रूप से अपमानित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी की ओर से अपनी कथित नाकामियों को छिपाने तथा गलत तरीके से एनओसी प्राप्त करने के उद्देश्य से पत्रकारों के साथ ऐसा व्यवहार किया गया।
रवि कुमार डे ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ हैं। वे तमाम चुनौतियों के बावजूद समाज की समस्याओं और घटनाओं को सामने लाने तथा अंतिम व्यक्ति तक सही सूचना पहुंचाने का कार्य करते हैं। ऐसे में समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
उन्होंने सरकार एवं प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने, संबंधित कंपनी के कार्यों की जांच कराने तथा पत्रकार सुरक्षा कानून को सख्ती से लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को निर्भीक होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।





