
महापौर अरुणा शंकर ने कहा : आमी तोमाके भालोबासी, मेदिनीनगर में धूमधाम से मना बंगला नववर्ष
Palamu : मेदिनीनगर के बंगाली समुदाय के द्वारा बुधवार की रात बंगला नववर्ष पोईला वैशाख मनाया गया। इस मौके पर देर रात तक नृत्य और गीत का रंगारंग कार्यक्रम चला।बंगीय दुर्गाबाड़ी के प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम का उदघाटन मेदिनीनगर नगर निगम की महापौर अरुणा शंकर ने किया। इस अवसर पर उन्होंन बांग्ला में संबोधन करते हुए कहा, आमि तोमाके भालोबासी, मै आप लोगों से बहुत प्यार करती हूं। उन्होंने कहा कि बंगाली समुदाय की एक खासियत यह है कि ये जहां भी रहते हैं, आसपास को सुंदर बनाने में सहयोग देते है।

इस शहर को सुंदर बनाने में भी बंगालियों का बहुत योगदान रहा है, उसे भुलाया नहीं जा सकता। संस्कृति को बचाए रखने में भी इस समाज का अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि निगम के द्वारा यहां के विकास के लिए हर संभव कार्य किए जाएंगे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद उप महापौर मनोज सिंह ने बंगाली समाज के उत्थान के लिए सदैव कार्य करते रहने की बात कही। वार्ड पार्षद नवीन कुमार गुप्ता ने सभी को बंगला नववर्ष की शुभकामनाएं दी। दुर्गाबाड़ी की तरफ से अध्यक्ष प्रसेनजीत बोराल, सचिव जयंत विश्वास, वरीय सदस्य देवेश मोइत्रा, द्विवेंदु गुप्ता, देवाशीष सेनगुप्ता ने तीनों जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया।

नृत्य की श्रेणी में तमन्ना मल्लिक के निर्देशन में कई नृत्य प्रस्तुत किए गए।परिणीता पाल द्वारा प्रस्तुत नृत्य को काफी पसंद किया गया। राजा सिन्हा, शर्मिष्ठा सिन्हा, प्रिया सिन्हा, शिवांशी राज सिन्हा , नीतू चटर्जी, गौतम घोष, सौभिक बोराल, सृजित गुप्ता, शर्मिष्ठा गुप्ता ने बंगला गीत प्रस्तुत किया।
आभा मुखर्जी, शंपा दास, अर्पिता राय ने कविता पाठ किया। एनएसडी के गुरु शिष्य परम्परा के तहत चयन होने पर बंगाली समाज के रंगकर्मी मुनमुन चक्रवर्ती व अमर भांजा को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सुमित भट्टाचार्य, अर्पिता दासगुप्ता व आईभी मल्लिक ने किया। इस अवसर पर सौमित्र भट्टाचार्य, सुजीत कुमार मैती, मनोतोष घोष, नूपुर विश्वास, मल्लिका मोइत्रा, शांतनु घोष, उज्ज्वल सेनगुप्ता आदि मौजूद थे।





