
मासिक अपराध समीक्षा में एसपी ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और दुर्गा पूजा में विधि-व्यवस्था के निर्देश दिए
लातेहार : पुलिस अधीक्षक लातेहार की अध्यक्षता में बुधवार को मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में आगामी दुर्गा पूजा को लेकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बीते माह घटित सभी महत्वपूर्ण अपराधों की गहन समीक्षा की गई। लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। हत्या, लूट, दुष्कर्म, पॉक्सो तथा यूडी कांडों की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई गिरफ्तारियों और मामलों के उद्भेदन के लिए किए गए प्रयासों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराध नियंत्रण, समकालीन अभियान के तहत की गई कार्रवाई, पिछले एक वर्ष से फरार अपराधियों, दागी पंजी तथा गृहभेदन के मामलों की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।
तकनीकी एवं नागरिक सेवाओं की समीक्षा के दौरान लंबित पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन का कार्य जल्द से जल्द पूरा करने को कहा गया। इसके अलावा ई-डीएआर (eDAR) एंट्री और मालखाना प्रभार की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई।
बैठक में सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के प्रभावी उपयोग तथा गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए की जा रही कार्रवाई की प्रगति की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने एनएएफआईएस (NAFIS) में कैदियों के फिंगरप्रिंट की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से कराने का निर्देश दिया।
गोष्ठी में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।




