
सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा का जिला स्तरीय कार्यक्रम संपन्न
लातेहार में सेवा, संकल्प और विकसित भारत के निर्माण का लिया संकल्प

Latehar : जिला मुख्यालय स्थित जिला खेल स्टेडियम परिसर में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष बंशी यादव ने की, जबकि जिला संगठन प्रभारी मनीर उरांव के मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा की ओर से मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, पलामू प्रमंडल प्रभारी विकास प्रीतम तथा पूर्व विधायक हरे कृष्ण सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न मंडलों से भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत देशभक्ति गीतों के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का मंच पर स्वागत किया गया और सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया गया। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए एलसीडी पैनल के माध्यम से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का वर्चुअल संबोधन प्रसारित किया गया।
सेवा भावना को संगठन की कार्यसंस्कृति का आधार बताया
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने वर्चुअल संबोधन में सेवा भावना को संगठन की कार्यसंस्कृति का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कार्यकर्ताओं से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को जनभागीदारी से जोड़ते हुए सेवा, संगठन और संकल्प के साथ आगे बढ़ने की बात कही।
विकसित भारत के निर्माण में योगदान का आह्वान
इसके बाद एलसीडी पैनल के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन प्रसारित किया गया। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य पर जोर देते हुए देशवासियों से अपने-अपने स्तर पर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इसके पश्चात स्थानीय अतिथियों एवं उपस्थित कार्यकर्ताओं को विकसित भारत-2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया गया। अतिथियों द्वारा सेवा ज्योति प्रज्वलित की गई। इसके बाद सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया गया।
सेवा ज्योति यात्रा ने किया नगर भ्रमण
कार्यक्रम के उपरांत सेवा ज्योति यात्रा को जिला खेल स्टेडियम परिसर से रवाना किया गया। यात्रा लातेहार शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए थाना चौक स्थित महावीर मंदिर पहुंची। वहां पंडित त्रिभुवन पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर सेवा ज्योति को स्थापित कराया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों में सेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को लेकर उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजधानी प्रसाद यादव,पूर्व जिलाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष राकेश दुबे एवं अनिल सिंह, जिला महामंत्री सह सांसद प्रतिनिधि अमलेश सिंह, जिला महामंत्री छोटू राजा, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश सचिव मुरली प्रसाद, जिला मंत्री मुकेश पांडेय एवं ध्रुव पांडेय, युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रघुवीर यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




