
मुकुंदपुर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत; एक रिम्स रेफर
Latehar : छिपादोहर थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर में दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान राम लोहरा (18 वर्ष), पिता सुगेसर लोहरा, ग्राम सेलारीटांड़, पंचायत गणेशपुर, थाना छिपादोहर के रूप में हुई है। वहीं घायल शंभू सिंह (15 वर्ष), ग्राम पीरी, थाना गारू निवासी है। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल लातेहार से बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया है।
युवा आजसू जिला प्रभारी ने अस्पताल व्यवस्था पर जताई नाराजगी।
इस घटना को लेकर आजसू युवा जिला प्रभारी मुकेश यादव ने अस्पताल की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद परिजनों ने एंबुलेंस के लिए फोन किया था, लेकिन एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची। मजबूरन परिजन घायलों को ऑटो से अस्पताल ला रहे थे।इसी दौरान रास्ते में ही एक युवक की मौत हो गई। उनका कहना है कि यदि समय पर एंबुलेंस उपलब्ध हो जाती, तो संभवतः उसकी जान बचाई जा सकती थी।
मुकेश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल पहुंचने पर घायल को भर्ती कराने के लिए परिजनों को स्वयं व्हीलचेयर और एम्बुलेंस में बैठाने के लिए इधर उधर भटकते हुए देखा अस्पताल में पर्याप्त स्टाफ मौजूद नहीं दिखा, जिससे परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि जब इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन से बात की गई तो जवाब मिला कि अस्पताल में स्टाफ की कमी है। इस स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने जिला प्रशासन से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग की है।




