
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नया नोटिस देने तैयारी में विपक्ष
New Delhi : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए विपक्षी दल एक बार फिर से सक्रिय हो गए हैं. सूत्रों के मुताबिक विपक्ष ने ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए एक बार फिर प्रस्ताव लाने का फैसला किया है. यह निर्णय तब आया है जब विपक्ष ने संविधान (131 वां संशोधन) विधेयक को विफल कर दिया है. पहले दिए गए नोटिस खारिज होने के बावजूद विपक्ष ने इस मुद्दे पर नया दांव खेलने की तैयारी शुरू कर दी है.सूत्रों के अनुसार कई प्रमुख विपक्षी दलों के नेता इस दिशा में आपसी बातचीत कर रहे हैं और जल्द ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर नया प्रस्ताव लाने की योजना बना रहे हैं.

बताया जा रहा है कि कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और डीएमके सहित कई दलों के कम से कम पांच वरिष्ठ सांसद मिलकर नए नोटिस का मसौदा तैयार कर रहे हैं. हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है कि यह प्रस्ताव लोकसभा में लाया जाएगा या राज्यसभा में, या फिर दोनों सदनों में एक साथ पेश किया जाएगा, जैसा कि पिछली बार किया गया था.
सूत्रों की मानें तो विपक्ष ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नए आरोपों को सूचीबद्ध करते हुए एक नया प्रस्ताव तैयार करेगा. संविधान संशोधन विधेयक पर लोकसभा में मिली जीत से उत्साहित विपक्ष को उम्मीद है कि इस बार हस्ताक्षरकर्ताओं की संख्या बढ़ेगी. नया प्रस्ताव अगले सप्ताह तक पेश किए जाने की संभावना है.
इस बार विपक्ष अपने प्रयास को और मजबूत बनाना चाहता है. बताया जा रहा है कि विपक्षी दल कम से कम 200 सांसदों के हस्ताक्षर जुटाने की रणनीति बना रहे हैं. विपक्ष ने लोकसभा से कम से कम 200 सांसदों और राज्यसभा से लगभग 80 सांसदों के हस्ताक्षर प्राप्त करने की योजना बनाई है ताकि नए नोटिसों के माध्यम से एक संदेश दिया जा सके, जबकि उनके पिछले नोटिसों को 6 अप्रैल को विभिन्न आधारों पर खारिज कर दिया गया था. एक वरिष्ठ सूत्र के अनुसार,हम इस बार मजबूत संदेश देना चाहते हैं और यह दिखाना चाहते हैं कि पिछली बार समर्थन कम आंका गया था.




