
रामसेली गांव में स्पेक्टेकल्ड कोबरा का हुआ सफल रेस्क्यू
Latehar: बारेसाढ़ के रामसेली गांव में शनिवार की रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सुरेश ठाकुर के घर के छप्पर पर उनकी पत्नी ने एक जहरीले सांप को जोर-जोर से फुफकारते हुए देखा। सांप को देखते ही घर के सभी लोग डर के कारण तुरंत बाहर निकल आए।घटना की सूचना स्थानीय ग्रामीणों द्वारा स्नेक रेस्क्यूअर परमजीत तिवारी को दी गई।सूचना मिलते ही परमजीत तिवारी अपनी रेस्क्यू टीम के साथ मात्र 15 मिनट में मौके पर पहुंच गए। जांच के दौरान पता चला कि वह अत्यंत विषैला स्पेक्टेकल्ड कोबरा (नाग सांप) था। सांप छप्पर के अंदर छिपा हुआ था, जिससे रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण हो गया। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत और सावधानी के बाद टीम के सदस्य अमन, शेरा, आकाश आनंद, वर्दान और पवन के सहयोग से कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। रेस्क्यू के बाद सांप को गांव से लगभग 10 किलोमीटर दूर घने जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। घर में रहने वाले करीब 10 लोगों ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि अब वे लोग चैन से सो पाएंगे। इस दौरान परमजीत तिवारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अब ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ रही है और लोग सांपों को मारने के बजाय रेस्क्यू टीम को बुला रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक पहल है।





