
लातेहार ठाकुरबाड़ी से निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा
Latehar : भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा शुक्रवार को लातेहार स्थित ठाकुरबाड़ी से श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। रथयात्रा के शुभारंभ अवसर पर राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम एवं भाजपा नेता राजधानी प्रसाद यादव ने भगवान जगन्नाथ के रथ को आगे बढ़ाकर यात्रा का शुभारंभ किया।
रथयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भक्तों ने भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में भक्तों द्वारा जयघोष और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
रथयात्रा के मुख्य यजमान योगेश प्रसाद, पूर्व विधायक प्रतिनिधि प्रभात कुमार,दीपक कुमार, विशाल कुमार, अंकित कुमार पांडेय एवं रंजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के रथ का दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। जगह-जगह लोगों ने भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का स्वागत किया। भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ रथ की रस्सी खींचकर भगवान जगन्नाथ के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
रथयात्रा को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक और उत्सवी माहौल बना रहा। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति एवं श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





