
लातेहार में महिला किसानों के बीच हसुआ वितरित, प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित

Latehar : विकसित कृषि और विकसित भारत के निर्माण में महिला किसानों की भूमिका को रेखांकित करने के उद्देश्य से गुरुवार को संयुक्त कृषि भवन, लातेहार के आत्मा सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचीं महिला किसानों ने कृषि क्षेत्र में अपने अनुभव साझा किए और सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में सक्रिय भागीदारी निभाने की इच्छा जताई।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान कृषि क्षेत्र में महिलाओं की सहभागिता और उनके योगदान की सराहना की गई।
कृषि योजनाओं की दी गई जानकारी
परियोजना निदेशक, आत्मा ने कृषि विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए खेती-किसानी में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।उन्होंने उत्कृष्ट महिला किसानों को अपने अनुभव साझा करने और अन्य किसानों को प्रेरित करने के लिए प्रोत्साहित किया। महिला किसानों ने भी कृषि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करने की बात कही।
प्रश्नोत्तरी और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिला किसानों के बीच प्रश्नोत्तरी और निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली महिला किसानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन उप परियोजना निदेशक, आत्मा ने किया।
इस अवसर पर उपस्थित महिला किसानों के बीच हसुआ का भी वितरण किया गया।
आयोजन का उद्देश्य महिला किसानों को कृषि गतिविधियों में प्रोत्साहित करना, उनके अनुभवों को साझा करने का अवसर देना और कृषि विकास में उनकी भागीदारी को मजबूत करना रहा।
कई संगठनों की महिला सदस्य रहीं मौजूद
कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी, आत्मा के परियोजना एवं उप परियोजना निदेशक, कृषि निरीक्षक, विभिन्न प्रखंडों के बीटीएम और एटीएम, पांडेयपुरा एफपीओ की सक्रिय महिला सदस्य, प्रदान तथा अन्य गैर-सरकारी संगठनों की महिला सदस्य और आत्मा के किसान मित्र सहित अन्य लोग उपस्थित थे।





