सड़क हादसे के बाद जागा स्वास्थ्य विभाग, सौरभ की कोशिश के बाद, चंदवा CHC की समस्याओं पर हुई पहल

Latehar:चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता सौरभ श्रीवास्तव ने शनिवार को लातेहार स्थित सिविल सर्जन कार्यालय पहुंचकर सिविल सर्जन से मुलाकात की तथा विस्तृत लिखित मांगपत्र सौंपा।

इस दौरान उन्होंने हाल ही में चंदवा के दामोदर क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद अस्पताल में उत्पन्न अव्यवस्था और स्थानीय लोगों के विरोध-प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था को तत्काल सुदृढ़ करने की मांग की।

मुलाकात के दौरान सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि चंदवा का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण सरकारी अस्पताल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद अस्पताल में पर्याप्त MBBS चिकित्सकों की कमी, 24 घंटे एम्बुलेंस की अनुपलब्धता तथा अल्ट्रासाउंड मशीन सहित अन्य आधुनिक चिकित्सकीय उपकरणों का अभाव गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि इन कमियों के कारण क्षेत्र की बड़ी आबादी प्रभावित हो रही है और लोगों के स्वास्थ्य के साथ समझौता हो रहा है।

सिविल सर्जन ने सौरभ श्रीवास्तव द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीर और न्यायोचित बताते हुए सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं की जानकारी उन्हें पहले से भी है और समाधान की दिशा में प्रयास जारी हैं। सिविल सर्जन ने बताया कि उपायुक्त से इस संबंध में लगातार बातचीत हो रही है तथा DMFT कोष के माध्यम से 30 दिनों के भीतर चंदवा CHC में एक MBBS चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

एम्बुलेंस की मांग पर सिविल सर्जन ने आश्वस्त किया कि स्थानीय औद्योगिक एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से जल्द ही चंदवा CHC में 24 घंटे उपलब्ध रहने वाली एक एम्बुलेंस की व्यवस्था करने की दिशा में पहल की जाएगी, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल राहत मिल सके, इसपर पहल ज़ारी है।

अल्ट्रासाउंड मशीन एवं अन्य आधुनिक चिकित्सकीय उपकरणों की स्थापना को लेकर भी सिविल सर्जन ने बताया कि आवश्यक प्रक्रियाएं जारी हैं।उन्होंने कहा कि लिखित प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद इन कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक पहल और तेज़ की जाएगी, ताकि अस्पताल में जल्द से जल्द आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि सिविल सर्जन ने सभी मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है और लगभग 30 दिनों के भीतर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर सभी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो वे जल्द ही राज्य के स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराएंगे तथा शेष मांगों के शीघ्र समाधान का आग्रह करेंगे।

सौरभ श्रीवास्तव की इस पहल का चंदवा क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है।

लोगों ने जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए उनकी सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि अब चंदवा CHC की वर्षों पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान निकलेगा।

हाल ही में दामोदर क्षेत्र में हुए बड़े सड़क हादसे के बाद स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बढ़ी जनचिंता के बीच इस पहल को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी सकारात्मक कदम बताया है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!