
साइबर अपराधियों ने युवक के खाते से उड़ाये 1.70 लाख रुपये
Ranchi : तोरपा थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों ने एक युवक को अपना शिकार बनाते हुए उसके बैंक खाते से करीब 1 लाख 70 हजार रुपये उड़ा लिये। इसको लेकर पीड़ित ऐनुल ने गुरुवार को तोरपा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर एनुल नामक युवक के मोबाइल पर एक अज्ञात नम्बर से फोन आया। बातचीत समाप्त होने के कुछ ही देर बाद उसके मोबाइल का नेटवर्क अचानक बंद हो गया। मोबाइल सेवा बाधित होने पर युवक को संदेह हुआ और वह तत्काल जियो सर्विस सेंटर पहुंचा। वहां तकनीकी सहायता के बाद उसका मोबाइल नंबर पुनः सक्रिय किया गया।

मोबाइल नंबर चालू होने के बाद जैसे ही उसने फोन ऑन किया, उसके मोबाइल पर लगातार ओटीपी और बैंकिंग लेनदेन से संबंधित संदेश आने लगे। इसके साथ ही फोनपे और बैंक खाते से धन निकासी के कई संदेश प्राप्त हुए। खाते की जांच करने पर युवक को पता चला कि उसके खाते से अलग-अलग किस्तों में लगभग 1.70 लाख रुपये निकाल लिए गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल बैंक अधिकारियों से संपर्क किया और बाद में तोरपा थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन और पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। नागरिकों से कहा गया है कि किसी भी अज्ञात कॉल पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें, ओटीपी किसी को न बताएं और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत बैंक, पुलिस अथवा राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।



