सिंगरा में भीषण एक्सीडेंट, एक बच्चा की मौत और 3 गंभीर रूप से घायल
Palamu : पलामू जिले के सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा खुर्द के समीप सोमवार की सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक मासूम की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतक की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के अमवा गांव निवासी छट्ठू राम के पुत्र अंश कुमार के रूप में हुई है। हादसे में अंश की मां सुनीता देवी, बहन अंशिका आकृति तथा पाटन के सिक्की खुर्द निवासी रामजी राम के पुत्र नारायण कुमार रवि गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, सभी लोग स्कूटी पर सवार होकर बटसरा से मेदिनीनगर के निमिया स्कूल बच्चो को छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान सिंगरा खुर्द के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी सड़क पर गिर पड़े और मासूम अंश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान महेंद्र कुमार व विकास कुमार मौके पर सक्रिय हुए और सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए मेदिनीनगर एमएमसीएच पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने अंश कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीन घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
अस्पताल पुलिस चौकी ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।




