सुजीत सिन्हा के शव का हुआ पोस्टमार्टम, शरीर से निकली 2 गोलियां

सुजीत सिन्हा के परिजनों ने लगाया फर्जी मुठभेड़ का आरोप

Ranchi : गैंगस्टर सुजीत के परिजनाें ने पुलिस पर फर्जी मुठभेड़ का आरोप लगाया है। सोमवार को सुजीत सिन्हा की सास उषा देवी ने पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित साजिश बताते हुए प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

उषा देवी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जिस व्यक्ति के हाथ में हथकड़ी लगी हो और जो स्वयं जेल से बाहर निकलना नहीं चाहता था, वह पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश क्यों करेगा और पुलिस पर गोली क्यों चलाएगा। उनका दावा है कि सुजीत ने पहले भी जेल से बाहर ले जाने पर पुलिस अधिकारियों से मना किया था, क्योंकि उसे अपनी जान का खतरा था।

परिजनों ने यह भी सवाल उठाया कि रात में सामने आई तस्वीरों में सुजीत सड़क पर दिखाई दे रहा था, जबकि सुबह जारी तस्वीरों में वह जंगल में नजर आया। उन्होंने इसे संदिग्ध बताते हुए पूरे एनकाउंटर की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की।

उषा देवी ने कहा कि उनके 12 वर्षीय नाती अक्षत, जो छठी कक्षा का छात्र है, को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चाईबासा जेल में बंद अक्षत की मां से मुलाकात कराने में जेल प्रशासन सहयोग नहीं कर रहा है तथा उसे पर्याप्त भोजन और दवा भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।

मुठभेड़ में मारा गया कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के शव का सोमवार को मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम किया गया। तीन डॉक्टरों की टीम ने करीब एक घंटे तक चली प्रक्रिया में शव की जांच की। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के शरीर से दो गोलियां निकाली गई।

पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेट सह अंचल अधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी ओबिश्वर मुर्मू की मौजूदगी में कराया गया। मेडिकल बोर्ड में डॉ. दुर्गेश झा, डॉ. विशाल और डॉ. मिकी मांझी शामिल थे। डॉक्टरों ने बताया कि शरीर पर मिले घावों की वास्तविक प्रकृति और मौत के कारणों की विस्तृत जानकारी अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। प्रारंभिक जांच में यह भी संभावना जताई गई कि कुछ गोलियां शरीर को आर-पार कर गई हैं।

सुजीत सिन्हा के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। इस दौरान उसकी सास उषा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। उनके साथ पहुंचे साले आयुष कुमार ने बताया कि सुजीत का 12 वर्षीय पुत्र अस्पताल में इलाजरत है।

बता दें कि झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की रविवार देर रात जामताड़ा जिला में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मौत हो गई थी। सुजीत सिन्हा को साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पुलिस वाहन खराब होने के बाद उसे दूसरी गाड़ी में स्थानांतरित किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान सुजीत सिन्हा ने मौके का फायदा उठाते हुए एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया था और पुलिस पर फायरिंग करने की कोशिश की थी। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमे सुजीत मारा गया था। साहिबगंज एसपी अमित सिंह और जामताड़ा एसपी शंभु सिंह ने गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के मारे जाने की पुष्टि की थी।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!