
हैदरनगर : पेड़ गिरने से घायल हुए अनिल चंद्रवंशी का इलाज के दौरान रांची में मौत
Palamu : हैदरनगर हाई स्कूल शिवालय रोड स्थित मरघटिया मार्ग पर आए तेज तूफान के दौरान पेड़ गिरने से गंभीर रूप से घायल अनिल चंद्रवंशी की शुक्रवार को रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मालूम हो कि बुधवार शाम तेज आंधी-तूफान के दौरान मरघटिया रोड पर पीपल का विशाल पेड़ अचानक बाइक सवारों पर गिर पड़ा था।

हादसे में औरंगाबाद जिले के तिवारीडीह निवासी कामदेव चंद्रवंशी की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि रामबांध धोबियाडीह टोला निवासी अनिल चंद्रवंशी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को जपला अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया था। वहां चिकित्सकों ने कामदेव चंद्रवंशी को मृत घोषित कर दिया था। वहीं अनिल चंद्रवंशी को पहले मेदिनीनगर एमएमसीएच और बाद में बेहतर इलाज के लिए रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, कामदेव चंद्रवंशी शादी समारोह में शामिल होने हैदरनगर आए थे। तबीयत खराब होने पर अनिल चंद्रवंशी उन्हें बाइक से इलाज कराने हैदरनगर लाए थे। इलाज के बाद लौटने के दौरान यह हादसा हुआ था।



