
146 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, बोलेरो समेत दो वाहन जब्त
Latehar : पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 146 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है।
मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में रेकी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे एक बोलेरो वाहन को भी जब्त किया गया है।पुलिस अधीक्षक, लातेहार को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति सफेद रंग की होंडा सिटी कार से गांजा लेकर चंदवा से बालूमाथ होते हुए बिहार की ओर जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बालूमाथ के नेतृत्व में मकईयाटांड़ पुलिस पिकेट के समीप छापेमारी दल का गठन कर वाहन जांच अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान संदिग्ध होंडा सिटी कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में कार से गांजा से भरे 06 बोरे बरामद हुए, जिनका कुल वजन 146 किलोग्राम पाया गया।पुलिस ने गांजा एवं होंडा सिटी कार को जब्त करते हुए गांजा तस्करी में संलिप्त तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ एवं उनकी निशानदेही के आधार पर पुलिस ने तस्करी के दौरान रेकी कर रहे बोलेरो वाहन को भी जब्त किया है।पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई एवं गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।





