
16 लोगों की मौत व 15 घायल, मध्य प्रदेश के धार में हुआ भीषण सड़क दुर्घटना
Bhopal : मध्य प्रदेश के धार में हुए सड़क हादसे में 16 लोगों की मौत हो हो गई और 15 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई इस दर्दनाक और रूह कंपा देने वाली दुर्घटना ने पीड़ितों के परिजनों को कभी न भूल पाने वाले जख्म दिए हैं। जैसे ही जिला प्रशासन को भयावह हादसे की खबर मिली, सभी हैरान रह गए। 50 मजदूरों से भरे पिकअप वाहन की स्कॉर्पियो से हुई टक्कर ने 16 जिंदगियां छीन लीं। 15 लोग अति गंभीर रूप से घायल हैं। इंदौर में उनका उपचार चल रहा है।

हादसा चिकलिया स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास बुधवार रात 8:30 बजे हुआ। मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक मजदूर सवार बताए जा रहे हैं। वाहन पलटने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हाईवे पर मची चीख-पुकार
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई थी। गुरुवार सुबह मिले अपडेट के मुताबिक मृतकों का आंकड़ा 16 हो गया है, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 10 अति गंभीर घायलों को इंदौर रेफर किया गया है। यह पिकअप वाहन धार से अमझेरा की ओर जा रहा था। तभी ओवरलोड पिकअप वाहन असंतुलित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया, फिर सामने से आ रही स्कॉर्पियो से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई श्रमिक वाहन के नीचे दब गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायलों को निकाला।
ठूंस-ठूंसकर श्रमिकों को पिकअप में बैठाया गया था
रात में केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर सहित इंदौर संभागायुक्त सुदामा खाड़े एवं इंदौर रेंज के महानिरीक्षक अनुराग भी पहुंचे। हादसे का कारण पिकअप वाहन में सवार श्रमिक ग्राम बग्गड़ के पास खेत पर काम करने गए थे और लौटते समय यह हादसा हुआ। श्रमिकों ने बताया कि वाहन में लगे स्पीकर से चालक तेज आवाज में गाना सुनते हुए वाहन लहराते हुए चला रहा था। वाहन में ठूंस-ठूंसकर श्रमिक भरे थे। इसका खामियाजा श्रमिकों को जान देकर चुकाना पड़ा।




